बिहारराज्य

कोसी-सीमांचल के यात्रियों के लिए खुशखबरी, पटना-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन 16 नवंबर तक सप्ताह में 5 दिन चलेगी

पटना
बिहार की राजधानी पटना से पूर्णिया के बीच चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन की सुविधा अब दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व पर भी मिलेगी। रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन की अवधि फिर से बढ़ा दी है। पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से पूर्णिया कोर्ट के बीच चलने वाली यह ट्रेन अब 16 नवंबर तक सप्ताह में 5 दिन चलाई जाएगी। इससे पहले 16 अक्टूबर तक इसकी अवधि बढ़ाई गई थी। इससे त्योहारों में आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन की अवधि बढ़ने से पूर्णिया प्रमंडल और कोसी प्रमंडल के यात्रियों को पटना आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।

त्योहारों और बढ़ती यात्री भीड़ के बीच रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से पूर्णिया, अररिया ,सहरसा, मधेपुरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है। खासकर नौकरी, शिक्षा, इलाज, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी कार्यों के सिलसिले में पटना जाने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित हो रही है।

कोसी-सीमांचल के लोगों को फायदा
इस संबंध में केशव कुमार गिरि, शंकर झा,ब्रज किशोर भारती, राजेश कुमार अग्रवाल, आलोक लोहिया, अफरोज खान, केशव कुमार मंडल, सानु कुमार जायसवाल, अखिलेश कुमार शर्मा आदि का कहना है कि पूर्णिया और कोसी क्षेत्र से पटना के बीच सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।

ट्रेन को स्थायी करने की मांग
स्पेशल ट्रेन को सीमित अवधि के बजाय नियमित या स्थायी रूप से चलाने की मांग भी लगातार उठ रही है। इस ट्रेन का स्थायी परिचालन किया जाता है तो सीमांचल और कोसी क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रतिदिन लाभ मिल सकता है। साथ ही पटना से पूर्णिया और आसपास के जिलों के बीच आवागमन आसान होने से व्यापारिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पटना से पूर्णिया रात्रिकालीन सुविधा
ट्रेन नंबर 03216 पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से रात 11 बजे खुलती है। यह सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, सहरसा आदि शहरों को जोड़ते हुए सुबह 8.30 बजे पूर्णिया पहुंचाती है। इस रूट पर रात्रिकालीन ट्रेन की मांग रहती है। पटना में पढ़ाई एवं रोजगार करने वाले कोसी और सीमांचल के लोग अक्सर इस ट्रेन से सफर करना पसंद करते हैं। पाटलिपुत्र से यह स्पेशल ट्रेन बुधवार और शनिवार को छोड़ सप्ताह के 5 दिन चलती है।

पूर्णिया से ट्रेन का टाइमटेबल
पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन से ट्रेन नंबर 03215 सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर खुलती है और उसी रूट से होते हुए शाम 5 बजकर 45 मिनट पर पाटलिपुत्र (पटना) पहुंचती है। पूर्णिया से यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह के पांच दिन संचालित की जाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button